स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंग या सुनियोजित हमला? ओमान तट पर जहाज में लगी आग, लापता भारतीय नाविक की तलाश तेज

नई दिल्ली। ओमान के तट के पास रविवार को एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले के बाद लापता हुए एक भारतीय नाविक की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 13 नाविकों को ओमान के अधिकारियों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक नाविक की तलाश लगातार की जा रही है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है और ओमानी सुरक्षा व बचाव एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।

‘वाणिज्यिक जहाजों और नागरिकों पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य’

विदेश मंत्रालय ने वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि समुद्री क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों, बेकसूर नाविकों, आम नागरिकों और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर किसी भी तरह का हमला भारत के लिए पूरी तरह अस्वीकार्य है।

भारत ने अपील की है कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध नौवहन गतिविधियों को तत्काल बहाल किया जाए। विदेश मंत्रालय ने प्रभावित जहाज ‘MT El Gaia’ पर हमले की भर्त्सना करते हुए क्षेत्र में तनाव को तुरंत कम करने और विवादों के समाधान के लिए संवाद व कूटनीति का रास्ता अपनाने पर जोर दिया।

ईरान ने किया समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने का दावा

एक तरफ जहां इस घटना की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने अलग दावा पेश किया है। ईरानी नौसेना के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने का प्रयास कर रहे एक बड़े तेल टैंकर के समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के चलते यह भीषण विस्फोट हुआ और जहाज में आग लग गई।

फिलहाल लापता भारतीय नाविक को सुरक्षित ढूंढने के लिए ओमानी कोस्टगार्ड और बचाव दल लगातार समुद्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

Youthwings