भूपेश बघेल Vs विजय शर्मा: PM Awas पर आज होगा आमना-सामना, रायपुर प्रेस क्लब में ऐतिहासिक बहस
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जारी जुबानी जंग अब सीधे आमने-सामने की बहस में बदल गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा आज रायपुर प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं। दोनों नेताओं के बीच PM Awas के मुद्दे पर बहस होनी है।
बहस को लेकर प्रेस क्लब में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी, एसीपी सहित कई थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में जवान मौके पर मौजूद हैं।
एक-दूसरे को दी थी बहस की चुनौती
PM Awas को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच लगातार राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। इसी दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी। इसके लिए रायपुर प्रेस क्लब को स्थान तय किया गया।
कांग्रेस की ओर से सुबह यह कहा गया था कि भूपेश बघेल को सरकार या विजय शर्मा की तरफ से बहस के लिए औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है। पार्टी की ओर से कहा गया था कि आमंत्रण मिलने पर भूपेश बघेल बहस में शामिल होंगे। अब भूपेश बघेल और विजय शर्मा दोनों प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं।
बहस के लिए तैयार हुआ मंच
रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए मंच तैयार किया गया है। मंच पर तीन कुर्सियां रखी गई हैं। भूपेश बघेल और विजय शर्मा के साथ प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी भी मंच पर मौजूद रहेंगे। मोहन तिवारी इस बहस में मेडिएटर की भूमिका निभाएंगे।
सुरक्षा के घेरे में प्रेस क्लब
बहस को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी और एसीपी सहित आधा दर्जन से अधिक थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रेस क्लब के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने रोका
बहस से पहले प्रेस क्लब में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई। इसके बाद शैलेश नितिन त्रिवेदी और आरपी सिंह प्रेस क्लब पहुंचे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी संभाला मोर्चा
बहस से पहले भाजपा की सक्रियता भी देखने को मिली। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता प्रेस क्लब पहुंचे। इसी बीच सोशल मीडिया पर भूपेश सरकार के कार्यकाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री रहे टीएस सिंहदेव का एक पत्र वायरल किया गया। भाजपा ने इस पत्र को लेकर भूपेश सरकार पर निशाना साधा और PM Awas योजना के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की।
कांग्रेस के कई नेता मौजूद
भूपेश बघेल के साथ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और आरपी सिंह प्रेस क्लब पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता कुलदीप जुनेजा और सुशील आनंद शुक्ला भी मौके पर मौजूद हैं। वहीं विजय शर्मा के प्रेस क्लब पहुंचने के बाद दोनों नेता अब आमने-सामने हैं। ऐसे में PM Awas के मुद्दे पर होने वाली बहस में आरोपों और जवाबों के बीच सियासी माहौल गर्म रहने की संभावना है।
