‘राहुल गांधी डोकरा हो चुके हैं!’ उमा भारती का तीखा तंज, बोलीं- बच्चे सिर्फ मोदी को अपना नेता मानते हैं
भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर तीखा जुबानी हमला बोला है। राहुल गांधी के ‘युवा नेता’ की छवि पर सीधा कटाक्ष करते हुए उमा भारती ने कहा कि राहुल गांधी अब कोई युवा नहीं रहे, बल्कि वे बूढ़े और ‘डोकरा’ हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश के बच्चे और नई पीढ़ी सिर्फ पीएम मोदी को अपना नेता मानती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उमा भारती ने राष्ट्रीय राजनीति से लेकर प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर बेबाक राय रखी।
‘बच्चे सिर्फ मोदी से प्यार करते हैं, राहुल डोकरा हो गए’
राहुल गांधी के मध्य प्रदेश आगमन और कांग्रेस की रणनीति पर तंज कसते हुए उमा भारती ने दो-टूक कहा कि राहुल गांधी को अब तक युवा नेता के रूप में पेश करने की कोशिशें हास्यास्पद हैं। राहुल अब बूढ़े हो चुके हैं, वे पूरी तरह डोकरा हो चुके हैं। आज देश का बच्चा-बच्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्यार करता है और बच्चे सिर्फ नरेंद्र मोदी को ही अपना स्वाभाविक नेता मानते हैं। उमा भारती के इस बयान ने मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है, जहां कांग्रेस नेता उनके इस बयान पर कड़ा ऐतराज जता रहे हैं।
सागर जहरीली शराब कांड पर भी सरकार को दी नसीहत
राहुल गांधी पर सियासी तीर चलाने के साथ ही उमा भारती ने प्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड पर भी अपनी ही सरकार के तंत्र को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात में उन्होंने शराब नीति और जनहानि पर कड़ा रुख अपनाया।
उमा भारती ने सीधे तौर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरपंच से लेकर स्थानीय विधायक और मंत्री तक की सीधी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। यह कैसे मुमकिन है कि उनके क्षेत्र में इतना बड़ा अवैध शराब का गोरखधंधा चल रहा था और जनप्रतिनिधियों को इसकी भनक तक नहीं लगी? शराब कांड के आरोपियों के साथ मंत्री व नेताओं की तस्वीरों पर उन्होंने कहा कि आरोपियों के साथ रहने, उठने-बैठने और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने वाले हर व्यक्ति और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं उमा भारती ने घोषणा की कि वे जल्द ही सागर के बंडा जाएंगी और पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका दर्द साझा करेंगी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश में आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन कराने और पूर्ण शराबबंदी की दिशा में कदम बढ़ाने का आग्रह किया।
