मीठा खाने का ऐसा खौफनाक अंजाम! रबड़ी ने 25 लोगों को पहुंचाया अस्पताल, 15 की हालत गंभीर

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के टांडाबरुड़ क्षेत्र से फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। यहां बस स्टैंड स्थित एक होटल से रबड़ी खाने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में बीमारों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

बस स्टैंड की होटल से खाई थी रबड़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टांडाबरुड़ बस स्टैंड स्थित पवन कैलाश श्रीवास की होटल से कई ग्रामीणों ने रबड़ी खाई थी। कुछ लोग वहीं खाकर गए थे, जबकि कई लोग अपने घर भी पैक करवाकर ले गए थे। रबड़ी खाने के कुछ ही देर बाद एक-एक करके लोगों को तेज पेट दर्द, जी मिचलाने और लगातार उल्टियों की शिकायत शुरू हो गई।

15 मरीज जिला अस्पताल रेफर, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

देखते ही देखते बीमारों की संख्या 25 तक पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। करीब 15 गंभीर मरीजों को खरगोन जिला अस्पताल सहित अन्य निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अन्य प्रभावित लोगों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडाबरुड़ में चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का अमला सक्रिय हुआ और डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावितों की जांच व उपचार शुरू किया।

पुलिस ने होटल पहुंचकर शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए बरुड़ थाना पुलिस तुरंत होटल पहुंची और संचालक से पूछताछ की। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है, ताकि रबड़ी और अन्य खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे जा सकें। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि रबड़ी में मिलावट थी या दूध के खराब होने की वजह से यह जहरीला असर हुआ।

Youthwings