बच्चों की मौत पर सियासी ड्रामा: अभिजीत दीपके ने जारी किया फर्जी CM इस्तीफा, BJP बोली- ‘खुद का इलाज कराओ’

भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में संक्रामक बीमारी से आदिवासी बच्चों की असामयिक मौतों और लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के मुद्दे पर राज्य का सियासी पारा गरमा गया है। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस संवेदनशील मामले पर सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा व्यंग्य कसते हुए खुद को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बताते हुए सोशल मीडिया पर एक फर्जी इस्तीफा पत्र साझा कर दिया है। इस व्यंग्यात्मक इस्तीफे के वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे राजनीति का मखौल उड़ाना करार दिया है।

इस्तीफे में लिखा- ‘नाकामी की जिम्मेदारी लेते हुए छोड़ता हूं सीएम पद’

अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए प्रतीकात्मक इस्तीफे में लिखा कि वे राज्य में आदिवासियों की मौत और प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे रहे हैं।

यह घटनाक्रम उनके बालाघाट दौरे के ठीक एक दिन बाद सामने आया है। दीपके वहां संक्रामक बीमारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले आदिवासी बच्चों के शोकाकुल परिवारों से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान उन्हें स्थानीय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कुछ लोगों के कड़े विरोध व तीखे सवालों का सामना भी करना पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह कदम उठाया।

‘दिमाग का इलाज कराएं अभिजीत दीपके’

इस पूरे मामले पर भारतीय जनता पार्टी ने बेहद तल्ख टिप्पणी की है। भोपाल दक्षिण-पश्चिम से बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने दीपके के इस कदम को ओछी राजनीति और गैर-जिम्मेदाराना हरकत बताया।

विधायक भगवानदास सबनानी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभिजीत दीपके को अपने दिमाग का समुचित इलाज कराना चाहिए। मध्य प्रदेश चाहे बालाघाट का मामला हो या सागर की घटना, राज्य की सरकार और प्रशासन अपराधियों व लापरवाहों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करता है। अभिजीत दीपके वर्तमान में किसी भी सदन के सदस्य तक नहीं हैं। मध्य प्रदेश कोई मखौल उड़ाने का स्थान नहीं है जो वे इस तरह जनता की भावनाओं और व्यवस्था का मजाक बनाएं।

बीजेपी नेताओं का कहना है कि स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर प्रशासन युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटा है, ऐसे समय में किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति द्वारा केवल सुर्खियां बटोरने के लिए इस प्रकार के हास्यास्पद स्टंट करना निंदनीय है।

Youthwings