सागर शराब कांड: पीड़ितों से मिले CM मोहन, बोले- ‘दोषियों पर बुलडोजर एक्शन, होगी फांसी की सजा’
सागर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शराब कांड के पीड़ितों का हाल जानने सागर पहुंचे। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर उपचाराधीन सभी पीड़ितों से मुलाकात की और डॉक्टरों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में पीड़ितों और उनके परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अख्तियार करने का ऐलान किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ ऐसी दंडात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिनमें फांसी तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी जो नजीर बनेगी, ताकि दोबारा कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन को फ्री हैंड
सीएम यादव ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि मामले से जुड़े आरोपियों के अवैध अतिक्रमण और निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह ‘फ्री हैंड’ दे दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि जिले में अवैध नशे के खिलाफ प्रशासन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापक नशा मुक्ति अभियान छेड़ा जाएगा।
कांग्रेस पर साधा निशाना
विपक्ष पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान ऐसे मामलों से निपटने के लिए इतने कठोर कानून नहीं थे, जबकि वर्तमान सरकार ने सख्त प्रावधान लागू किए हैं। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ितों की मदद और नशे के खात्मे के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
