‘सुजलाम्’ बना ‘सुबलाम्’, छूटे कई शब्द: इंदौर में राहुल के कार्यक्रम का विरोध करने वाले नानूराम कुमावत कैमरे के सामने अटके

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राष्ट्रगीत को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक असहज मोड़ पर पहुंच गया है। कार्यक्रम में पूरे ‘वंदे मातरम्’ के गायन की मांग को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले संस्था पुरुषार्थ के अध्यक्ष नानूराम कुमावत खुद पत्रकारों के सामने राष्ट्रगीत का सही उच्चारण नहीं कर पाए। कैमरे के सामने गायन के दौरान उनके कई शब्द गलत निकले और कई पंक्तियां तक छूट गईं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैमरे के सामने बिगड़ा उच्चारण

नानूराम कुमावत ने कांग्रेस और राहुल गांधी से मांग की थी कि छात्रों के इस आयोजन में वंदे मातरम् का पूर्ण सामूहिक गान कराया जाए, ऐसा न होने पर उन्होंने विरोध की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, जब संवाददाताओं ने उनसे खुद राष्ट्रगीत सुनाने का अनुरोध किया, तो वे कई जगह अटक गए। गायन के दौरान उन्होंने ‘सुजलाम्’ की जगह ‘सुबलाम्’ उच्चारित किया, वहीं ‘शुभ्रज्योत्स्ना’ के बाद ‘पुलकितयामिनीम्’ शब्द पूरी तरह गायब हो गया। इसके अलावा ‘सुहासिनीम्’ को ‘सुभासिनी’ बोलने के साथ पंक्तियों के क्रम में भी भारी फेरबदल देखने को मिला।

मांग उठाने से पहले खुद की तैयारी पर उठे सवाल

इस घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में बहस तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस राष्ट्रीय भावना और पूर्ण गायन को लेकर वे कांग्रेस को घेरने निकले थे, उसके लिए उनकी अपनी तैयारी कितनी गंभीर थी। राहुल गांधी के दौरे से पहले इस वीडियो के वायरल होने से अब इंदौर की सियासत में नया मोड़ आ गया है।

Youthwings