‘स्पिन के नए सुल्तान’ मानव सुथार का जादू! दूसरे ही टेस्ट में झटके 10 विकेट, भारत की शानदार जीत

डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने गॉल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को टेस्ट मैच में 165 रनों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 2015 से चले आ रहे अपने अजेय अभियान को न सिर्फ बरकरार रखा है, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में अपनी बादशाहत भी साबित की है।

इस जीत के सबसे बड़े हीरो युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने अपने करियर के दूसरे ही टेस्ट मैच में 10 विकेट चटकाकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है।

विशाल लक्ष्य के आगे पस्त हुआ श्रीलंका

चौथे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी 193 रनों पर सिमट गई थी। हालांकि पहली पारी में हासिल की गई 178 रनों की विशाल बढ़त के आधार पर भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था।

गॉल के मैदान का इतिहास रहा है कि यहां कभी भी 342 रनों से बड़ा टारगेट चेज नहीं हुआ है। ऐसे में श्रीलंका को चमत्कार की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई टीम पूरी तरह बेबस नजर आई और उनकी दूसरी पारी महज 206 रनों पर ढेर हो गई।

‘जीत के असली हीरो’ मानव सुतार का ऐतिहासिक प्रदर्शन

इस मैच ने भारतीय क्रिकेट को ‘अगले रवींद्र जडेजा’ के रूप में मानव सुथार की झलक दिखा दी है। मानव ने पहली पारी में 4 अहम विकेट चटकाए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने और भी खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए।

दूसरी पारी के 76वें ओवर में मानव सुथार ने अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि एक साथ 3 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।

श्रीलंका पर भारत की लगातार 9वीं फतह

टेस्ट इतिहास में यह भारत की श्रीलंका पर लगातार 9वीं जीत है। श्रीलंका को आखिरी बार टीम इंडिया के खिलाफ 2015 में कोई टेस्ट जीत नसीब हुई थी। पिछले 11 सालों में दोनों देशों के बीच हुए 11 मुकाबलों में से भारत ने 9 मैचों में जीत का परचम लहराया है, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। इस शानदार जीत के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं और मानव सुतार जैसे युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भविष्य के लिए एक मजबूत संकेत दे दिया है।

Youthwings