Rahul Gandhi PC: ’10 साल में 152 पेपर लीक, एक भी दोषी को सजा नहीं’, छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी का बड़ा हमला
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंदिरा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र आंदोलन, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा वीडियो भी दिखाया और कहा कि छात्रों के साथ बर्बरता की गई।
‘छात्रों पर अत्याचार किया गया’
राहुल गांधी ने कहा, “छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, उन पर अत्याचार किया गया. सवाल ये है कि ये हमारे बच्चों के साथ क्यों हो रहा है. हजारों बच्चों ने ऐसा क्या किया कि सुरक्षाबल उनकी तरफ बंदूक तान रही है. वो तो अपनी मांग रख रहे हैं, वो मांग रहे हैं, जो ये देश से वो चाहते हैं. उनकी मांग है कि एजुकेशन सिस्टम ठीक हो.”
’10 साल में 152 पेपर लीक हुए’
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में पेपर लीक एक गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा, “शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. पेपर लीक एक बड़ी प्रॉब्लम है. कुछ लोग एजुकेशन सिस्टम को बर्बाद कर रहे हैं, पेपर लीक के किसी दोषी को सजा नहीं मिल रही है. 10 साल में 152 पेपर लीक हुए और किसी को सजा नहीं हुई.”
‘पेपर लीक से 7.5 करोड़ बच्चे प्रभावित’
राहुल गांधी ने दावा किया, “7.5 करोड़ बच्चे और उनके परिवार इस पेपर लीक से प्रभावित हैं. एक परीक्षा के लिए जितना परिवार खर्च करता है, उतना ही हमारे देश का एजुकेशन बजट है. 1.32 लाख करोड़ रुपए परिवार खर्च करता है सिर्फ एक नीट परीक्षा के लिए. देश का एजुकेशन बजट 1.3 लाख करोड़ है.”
सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।
छात्रों पर लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ें।
‘धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा मंत्री के तौर पर नाकाम हैं’
राहुल गांधी ने कहा, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग एकदम सही है. वह शिक्षा मंत्री के तौर पर फेल हुए हैं.” इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा, “बतौर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नाकाम साबित हुए हैं, उनको हटाया जाना चाहिए. छात्रों को मेरा पूरा समर्थन है, वह हमारा भविष्य हैं. जिन लोगों ने उन पर बर्बरता की है, उन पर एक्शन लिया जाना चाहिए.”
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई
राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
