सिक्किम में NHPC की सुरंग में बड़ा हादसा, मीथेन गैस विस्फोट के बाद भूस्खलन; 27 मजदूर फंसे, 7 की मौत
नामची जिले के मामरिंग में समरदुंग सुरंग का प्रवेश द्वार बंद, गैस रिसाव से बचाव कार्य में मुश्किलें
नामची, सिक्किम। NHPC की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मामरिंग में बन रही समरदुंग सुरंग में भूस्खलन के कारण प्रवेश द्वार बंद हो गया, जिससे कम से कम 27 मजदूर अंदर फंस गए। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
सुरंग के अंदर मीथेन गैस में विस्फोट होने के बाद भूस्खलन हुआ, जिससे सुरंग का एक बड़ा हिस्सा बंद हो गया। हादसे के बाद सुरंग के अंदर संदिग्ध गैस रिसाव भी शुरू हो गया है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
बचाव अभियान में चुनौतियां
सुरंग के अंदर गैस होने की वजह से फायर ब्रिगेड के कई जवानों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। हालांकि NDRF, SDRF, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं। पश्चिम बंगाल से विशेष गैस-प्रोटेक्शन उपकरणों से लैस टीम भी बुलाई गई है।
मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश जारी
कुछ मजदूर हादसे के बाद बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अब भी फंसे हुए हैं। एंबुलेंस मौके पर तैनात हैं और गैस मास्क व सुरक्षा उपकरणों के साथ रेस्क्यू टीमें मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
Read more-
सिक्किम में लैंडस्लाइड: 4 की मौत, 3 लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
