Kedarnath VIP Expenses: मंदिर समिति के खाते से वीआईपी मेहमानों पर खर्च, BJP नेता और विधायक के नाम आए सामने

भाजपा प्रदेश सचिव नेहा जोशी पर 60 हजार और विधायक आशा नौटियाल पर 37 हजार रुपये के खर्च का आरोप

रुद्रप्रयाग। श्री बद्रीनाथ धाम में चंदा चोरी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है, इस बीच केदारनाथ धाम में वीआईपी मेहमानों के आवास और भोजन पर मंदिर समिति द्वारा खर्च किए जाने के आरोपों की जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हो गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड शासन ने भी मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश जारी कर दिया है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस बारे में खुद जानकारी साझा की है। यह मंदिर प्रशासन की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

दरअसल, सूचना के अधिकार (RTI) के कुछ दस्तावेज सार्वजनिक हुए, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। इन दस्तावेजों के अनुसार, आरोप लगाया गया था कि केदारनाथ धाम की यात्रा पर पहुंचे कुछ वीआईपी व्यक्तियों के भोजन और आवास से जुड़े खर्च मंदिर समिति के खाते से वहन किए गए।

 RTI दस्तावेजों में क्या आया सामने?

दस्तावेजों में भाजपा प्रदेश सचिव नेहा जोशी के नाम पर लगभग 60 हजार रुपये और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नाम पर करीब 37 हजार रुपये से अधिक के खर्च का उल्लेख किया गया था। यह नेता जी की श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन के दुरुपयोग को दर्शाता है।

मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने इसे श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान राशि के दुरुपयोग का मामला बताते हुए सरकार और मंदिर समिति पर सवाल उठाए थे।

 नेताओं ने क्या कहा?

दूसरी ओर, जिन नेताओं के नाम सामने आए, उन्होंने स्वयं पर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्होंने अपने निजी खर्च का भुगतान स्वयं किया था। हालांकि, जांच रिपोर्ट में इसके विपरीत साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि मंदिर समिति के खाते से किसी भी व्यक्ति के निजी खर्च का भुगतान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह उत्तराखंड सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है और प्रशासन ने इस मामले में पारदर्शिता का आश्वासन दिया है।

 

Youthwings