Corona Virus को लेकर फिर अलर्ट! आंध्र प्रदेश में मौतों के बाद सरकार ने जारी किए सख्त निर्देश
Corona Virus के नए मामले और दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर, प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और जांच तेज
क्या भारत में Corona Virus फिर से पैर पसार रहा है? आंध्र प्रदेश में दो मौतों और कई नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी हैं, मास्क को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। जानिए क्या है ताजा स्थिति और लोगों के लिए कितनी गंभीर है यह चेतावनी।
Corona Virus India: भारत में फिर बढ़ी कोरोना की दस्तक! आंध्र प्रदेश में 2 मौतों के बाद हाई अलर्ट
Corona Virus India: देश में एक बार फिर कोरोना वायरस को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में Corona Virus के नए मामले सामने आने और दो मरीजों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासन ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी हैं और प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
दो मरीजों की मौत के बाद बढ़ी चिंता
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राजमपेट के 52 वर्षीय व्यक्ति की वेल्लोर के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वहीं, कडप्पा शहर के 43 वर्षीय व्यक्ति को सांस संबंधी दिक्कतों के बाद सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कोविड आईसीयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसके अलावा कडप्पा मेडिकल कॉलेज का 25 वर्षीय छात्र भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहा है।
8 एक्टिव केस, रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात
नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रैपिड रिस्पॉन्स टीमें (RRT) तैनात कर दी हैं। अधिकारियों ने करीब 40 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें से 18 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि बाकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जिले में COVID-19 के 8 एक्टिव मामले हैं। वायरस के वैरिएंट की पहचान और उसके स्वरूप को समझने के लिए सैंपल पुणे की लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।

प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
आंध्र प्रदेश की जिला प्रभारी मंत्री सविता ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को संक्रमण रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में संक्रमण के मामले सामने आए हैं, वहां कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन कराया जाए और लोगों को जागरूक किया जाए।
भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने की सलाह
प्रशासन ने अस्पतालों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने पर विशेष जोर दिया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले लोगों की तुरंत पहचान कर उनकी जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन की व्यवस्था की जाए।
इसके अलावा प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग का काम भी तेज कर दिया गया है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और जांच कराएं। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर जांच और सतर्कता ही संक्रमण को फैलने से रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
यह भी पढ़ें: हजारों फैंस के सामने Jasmine Sandlas ने खोला राज, इस शख्स को बताया अपना हमसफर
हजारों फैंस के सामने Jasmine Sandlas ने खोला राज, इस शख्स को बताया अपना हमसफर
