कटघोरा में धीरेंद्र शास्त्री की कथा से पहले विवाद, अग्रसेन भवन में हंगामा

छत्तीसगढ़ के कटघोरा क्षेत्र में बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के आयोजन से पहले ही विवाद की स्थिति बन गई। कोरबा जिले के ग्राम ढप-ढप में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए महाराज का आगमन रविवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। इसके बाद उनके ठहरने के स्थान अग्रसेन भवन में जमकर हंगामा हुआ।

 

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन ‘अपना घर सेवा परिवार’ के अमरजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा था। विवाद उस समय शुरू हुआ जब महाराज से मुलाकात और बैठने की व्यवस्था को लेकर उनके पीएसओ बसंत अग्रवाल और आयोजन समिति के बीच बातचीत हो रही थी। आरोप है कि बसंत अग्रवाल अपने खास मेहमानों को प्राथमिकता दे रहे थे, जिससे आयोजकों में नाराजगी बढ़ गई।

 

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। अग्रसेन भवन में हुए इस हंगामे को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु और भक्त हैरान रह गए।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप किया। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया और उनके बीच समझौता कराया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद रात करीब 11 बजे महाराज ने भक्तों से मुलाकात की और उन्हें आशीर्वाद दिया।

Youthwings