कांग्रेस ने किया कलेक्ट्रेट घेराव, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना

बालोद। जिला मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय आमसभा आयोजित कर रैली निकाली और कलेक्ट्रेट का घेराव किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

आमसभा को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि मनरेगा योजना का नाम बदलने की आड़ में इसे कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा करोड़ों लोगों की आजीविका से जुड़ी योजना है और कांग्रेस इसे बंद या कमजोर नहीं होने देगी।

धान खरीदी पर सरकार घिरी

धान खरीदी के मुद्दे पर बैज ने राज्य सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि खरीदी अवधि में दो दिन की बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप था कि किसानों का रकबा कम कर दिया गया है और खरीदी केंद्रों में सीमा तय कर दी गई है, जिससे किसान अपनी पूरी उपज नहीं बेच पा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि अभी भी लगभग 35 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी शेष है और लाखों किसान अपनी उपज बेचने से वंचित हैं।

बैज ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान परेशान हैं और कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Youthwings