Chhattisgarh Morning News: धान खरीदी दो दिन बढ़ी, सीएम साय करेंगे पर्यटन परियोजना का भूमिपूजन, सेना भर्ती का आज अंतिम दिन
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को राहत देते हुए धान खरीदी की अवधि 5 और 6 फरवरी तक बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर में मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। रायपुर प्रेस क्लब में आज नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह होगा। वहीं सेना भर्ती के लिए आवेदन की आज अंतिम तारीख है, जबकि लैब अटेंडेंट भर्ती में अनुपस्थित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 6 फरवरी को होगा।
आज और कल किसान बेच सकेंगे धान
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ा दी है। अब किसान 5 और 6 फरवरी को भी अपना धान बेच सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। सरकार के अनुसार 10 जनवरी के बाद टोकन कटाने वाले किसान इस सुविधा के पात्र होंगे। जिन किसानों के पास 28, 29 और 30 जनवरी की तारीख वाले टोकन हैं, वे आज और कल अपने संबंधित खरीदी केंद्रों में धान विक्रय कर सकेंगे। पहले धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय थी, लेकिन बड़ी संख्या में किसानों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया।
मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे सीएम
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय जशपुर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे 5 फरवरी को मयाली में बहुप्रतीक्षित मयाली-बगीचा पर्यटन विकास परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत इस परियोजना के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। परियोजना को मधेश्वर पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए मयाली डेम के आसपास विकसित किया जाएगा।
रायपुर प्रेस क्लब में आज पदभार ग्रहण समारोह
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का पदभार ग्रहण समारोह आज आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में शाम 6 बजे मधुकर खेर स्मृति रायपुर प्रेस क्लब परिसर में होगा। समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू और महासचिव गौरव शर्मा पदभार संभालेंगे। साथ ही कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े भी कार्यभार ग्रहण करेंगे।
लैब अटेंडेंट भर्ती: 6 फरवरी को दस्तावेज सत्यापन
रायपुर। प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन में अनुपस्थित रहे 278 अभ्यर्थियों को अंतिम मौका दिया गया है। इनमें 136 अभ्यर्थी दिव्यांग श्रेणी से हैं। इन सभी का तृतीय एवं अंतिम दस्तावेज सत्यापन 6 फरवरी को किया जाएगा।
सेना भर्ती के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन
नई दिल्ली। भारतीय सेना की 67वीं शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल-पुरुष) भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने का आज अंतिम दिन है। इस भर्ती के तहत कुल 350 पद भरे जाएंगे। उम्मीदवार joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में इंजीनियरिंग डिग्री के अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट कर एसएसबी इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
क्रिकेट प्रतियोगिता: विजेता टीमों को मिला पुरस्कार
रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर और गुढ़ियारी मोहल्ला समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रात्रिकालीन फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिला वर्ग में रितु इलेवन और वर्षा इलेवन के बीच मुकाबला हुआ, जबकि पुरुष वर्ग में सीताराम इलेवन और गुढ़ियारी टाइगर आमने-सामने रहे। विजेता टीमों को कुल 61 हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई।
तीन दिवसीय कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ कल से
रायपुर। श्री कबीर पारख सिद्धांत प्रचार समिति के तत्वावधान में 6 से 8 फरवरी तक कृष्णानगर स्थित कर्मा धाम में तीन दिवसीय कबीर पारख सत्संग ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कबीर आश्रम प्रयागराज के गुरुदेव धर्मेंद्र साहेब इस आयोजन में मुख्य वक्ता होंगे। सत्संग में भजन, प्रवचन और विशेष युवा सत्र आयोजित किए जाएंगे।
