Bijapur Naxal Encounter: सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, एक नक्सली ढेर, 20 से अधिक माओवादियों के सरेंडर की तैयारी
Bijapur Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पेद्दागेलूर इलाके में हुई इस मुठभेड़ में एक खूंखार नक्सली को मार गिराया गया है। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है, साथ ही एक AK-47 राइफल और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई, जब जंगल में सर्चिंग टीम पर नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके।
20 से ज्यादा नक्सलियों के सामूहिक सरेंडर की खबर
इसी बीच बीजापुर से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर 12 बजे ए.पी. ऑफिस के सामने 20 से अधिक नक्सली सरेंडर कर सकते हैं। माना जा रहा है कि नक्सलियों के इस सामूहिक आत्मसमर्पण से माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगेगा।
सूत्र यह भी संकेत दे रहे हैं कि मुठभेड़ में लंबे समय से सक्रिय नक्सली कमांडर और शीर्ष नेता उधम सिंह के मारे जाने की संभावना है, हालांकि इस संबंध में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
नक्सली रमन्ना का स्मारक ध्वस्त
नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और प्रतीकात्मक सफलता मिली है। सुकमा जिले के गोगुंडा पहाड़ पर कार्रवाई करते हुए जवानों ने माओवादी सेंट्रल कमेटी सदस्य और कुख्यात नक्सली कमांडर रमन्ना के 20 फीट ऊंचे स्मारक को ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई पर 4वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट ने बताया कि गोगुंडा क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलियों का गढ़ रहा था, लेकिन अब वहां अग्रिम परिचालन बेस स्थापित किया जा चुका है। इलाके में बिजली, पानी, स्कूल भवन और हेलीपैड जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से क्षेत्र में शांति और विकास का रास्ता और मजबूत होगा।
