Durg Communal Tension: अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, दो समुदाय आमने-सामने, प्रशासन की समझाइश से टला बड़ा तनाव
Durg Communal Tension: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जांजगिरी में एक मुस्लिम महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला को निजी जमीन पर दफनाए जाने को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए और गांव में तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला के परिजन गांव की एक निजी भूमि पर अंतिम संस्कार करना चाहते थे। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों की ओर से इसका विरोध किया गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई, जिससे स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।
पुलिस-प्रशासन की तत्परता से हालात काबू में
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन की समझाइश के बाद आपसी सहमति बनी और महिला के अंतिम संस्कार के लिए स्थान बदल दिया गया। इसके बाद दूसरे स्थान पर शांतिपूर्ण तरीके से दफन की प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते किसी भी तरह की अप्रिय घटना टल गई। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं मुस्लिम समाज की ओर से स्थायी कब्रिस्तान की व्यवस्था किए जाने की मांग भी सामने आई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवाद से बचा जा सके।
