CG Dhan Kharidi Date Extended: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक बेच सकेंगे किसान

Chhattisgarh Dhan Bonus 2025

Chhattisgarh Dhan Bonus 2025

CG Dhan Kharidi Date Extended: छत्तीसगढ़ में धान बेचने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। अब किसान 5 फरवरी तक समर्थन मूल्य पर अपना धान बेच सकेंगे। सरकार के इस फैसले से उन किसानों को सीधा फायदा मिलेगा, जो अब तक किसी कारणवश अपनी उपज नहीं बेच पाए थे।

दरअसल, प्रदेश में धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर 2025 से हुई थी, जो पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 31 जनवरी तक चली। लेकिन इस अवधि के दौरान भी बड़ी संख्या में किसान अपना धान नहीं बेच पाए थे। इसे लेकर किसानों में नाराजगी और परेशानी साफ तौर पर देखने को मिल रही थी। किसान संगठनों के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेता भी लगातार धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

31 जनवरी तक की स्थिति के अनुसार, प्रदेश में कुल 27 लाख 53 हजार 7 किसान धान खरीदी के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 25 लाख 11 हजार 350 किसानों ने ही अपना धान बेचा, जो कुल का 91.22 प्रतिशत रहा। वहीं, 2 लाख 41 हजार 657 किसान, यानी करीब 9 प्रतिशत किसान, धान बेचने से वंचित रह गए थे। इन्हीं हालात को देखते हुए सरकार ने खरीदी की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

लक्ष्य से 20 लाख मीट्रिक टन पीछे रही खरीदी

सरकार ने विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया था, लेकिन 31 जनवरी तक केवल 140 लाख मीट्रिक टन धान की ही खरीदी हो सकी थी। इस तरह सरकार अपने लक्ष्य से करीब 20 लाख मीट्रिक टन पीछे रह गई थी।

इतना ही नहीं, पिछले वर्ष प्रदेश में 144 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस हिसाब से देखा जाए तो सरकार बीते साल के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई थी। अब खरीदी की तारीख बढ़ाए जाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि अधिक किसान अपना धान बेच सकेंगे और सरकार लक्ष्य के करीब पहुंच पाएगी।

Youthwings