कुंभ के शुभारंभ के दिन ही वारदात को अंजाम क्यों दिया ? हिंदू संगठनों ने साजिश का लगाया आरोप

गरियाबंद/राजिम। जिले के दुतकैया गांव में हुई हिंसक घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने राजिम स्थित विश्राम गृह में प्रेस वार्ता कर गंभीर आरोप लगाए हैं। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर और बजरंग दल के जिला संयोजक मोहित साहू ने बताया कि वे घटनास्थल का जायजा लेकर लौटे हैं और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर यह सामने आया है कि गांव में कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से ग्रामीणों को प्रताड़ित किया जा रहा था।

 

प्रेस वार्ता में बताया गया कि गांव के गौठान, श्मशान और अन्य सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर कथित रूप से कब्जा किया गया है। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने की घटनाएं आम हो गई थीं। संगठनों का आरोप है कि गांव में कुछ आदतन अपराधी लंबे समय से सक्रिय हैं, जिनके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, बलात्कार और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले प्रदेश के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

 

विहिप नेताओं ने प्रशासन पर संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम एडीएम विशाल महाराणा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पूरे मामले की बिंदुवार जानकारी देते हुए निष्पक्ष और सूक्ष्म जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

 

कुंभ शुभारंभ के दिन वारदात पर उठे सवाल

प्रेस वार्ता में यह सवाल भी उठाया गया कि कुंभ के शुभारंभ के दिन ही इस घटना को अंजाम क्यों दिया गया। विहिप नेताओं ने बताया कि सांप्रदायिक मामलों का आरोपी आरिफ करीब 15 दिन पहले ही जमानत पर छूटा था और गांव में रात के समय आता-जाता था। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से पहले पुलिस द्वारा बदमाशों की निगरानी के लिए परेड कराई गई थी, इसके बावजूद आरोपी पुलिस की नजर से बच गया।

 

नेताओं ने आशंका जताई कि आरोपी ने रायपुर में रहते हुए कुंभ मेले को अस्थिर करने की किसी साजिश की योजना बनाई हो सकती है। उनका आरोप है कि 1 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच दो घंटे में चार अलग-अलग स्थानों पर आठ से अधिक लोगों के साथ मारपीट और लूट की घटनाएं की गईं, जिसके बाद आरोपी रायपुर फरार हो गया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे के उद्देश्य की भी जांच करने की मांग की है।

 

पुलिस कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने आरोपी आरिफ खान, सलीम खान और इमरान सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ग्रामीणों की शिकायत पर राजिम थाने में चार अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।

एसपी वेदव्रत सिरमौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही रविवार को दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच अपराध पंजीबद्ध किए गए और आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings