Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज करेंगे विभागीय बैठक, छत्तीसगढ़ को मिलेगा पहला अंतरिक्ष केंद्र, भारत रंग महोत्सव का शुभारंभ आज
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अपने व्यस्त कार्यक्रम के तहत सीएम साय आज “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक भी लेंगे। वहीं खेल जगत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 37वीं फेडरेशन कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026 का भी उद्घाटन करेंगे।
छत्तीसगढ़ को मिलेगा पहला अंतरिक्ष केंद्र
छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। नवा रायपुर में राज्य के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस खास मौके पर गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। वे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारियां देंगे।
“प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के तहत छात्रों को स्पेस रिसर्च और तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवा रायपुर में सैटेलाइट निर्माण, परीक्षण और ट्रैकिंग की सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
25वां भारत रंग महोत्सव आज से
राजधानी रायपुर में आज से 25वें भारत रंग महोत्सव की शुरुआत हो रही है, जो 8 फरवरी तक चलेगा। इस महोत्सव का आयोजन छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जा रहा है। दीनदयाल ऑडिटोरियम में शाम 6:30 बजे उद्घाटन समारोह होगा, जिसकी शुरुआत ‘पारो’ नाटक के मंचन से की जाएगी। आगामी दिनों में देशभर के कलाकारों द्वारा विभिन्न नाट्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
राजधानी में आज के प्रमुख कार्यक्रम
आज राजधानी रायपुर में कई धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। गुढ़ियारी स्थित मंदिर में सिंध सेवा समिति और सिंधी पंचायत द्वारा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं अग्रसेन महाविद्यालय, पुरानी बस्ती में ‘उमंग-2026’ सांस्कृतिक स्पर्धा होगी।
इसके अलावा पुरी के शंकराचार्य राजधानी में दर्शन और संगोष्ठी में शामिल होंगे। रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम में भागवत कथा का आयोजन किया गया है। वहीं लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा।
