धान नहीं बिकने से आक्रोशित किसान सड़क पर उतरे, 30 ट्रैक्टर लेकर 7 गांवों के किसानों ने किया चक्काजाम

धान नहीं बिकने से आक्रोशित किसान सड़क पर उतरे

धान नहीं बिकने से आक्रोशित किसान सड़क पर उतरे

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के तेन्दूकोना क्षेत्र में धान खरीदी को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद धान नहीं बिकने से परेशान किसानों ने चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित किसान करीब 30 ट्रैक्टरों में धान भरकर सड़कों पर उतर आए और यातायात ठप कर दिया।

पुलिस ने रोका, बीच सड़क पर शुरू हुआ धरना

जानकारी के अनुसार प्राथमिक कृषि साख समिति राजाडे़रा से जुड़े सात गांवों के करीब 90 किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा गया है। परेशान किसान ट्रैक्टरों का काफिला लेकर तहसील कार्यालय की ओर रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

“धान नहीं बिकेगा तो घर नहीं जाएंगे” – किसान

धरने पर बैठे किसानों ने साफ शब्दों में कहा कि यह आर-पार की लड़ाई है। किसानों का आरोप है कि अब तक एक भी बार उनके धान का टोकन नहीं काटा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनका धान नहीं खरीदा जाएगा, तब तक वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे और न ही घर लौटेंगे।

महिला अधिकारी ने की ग्रामीणों से बातचीत

मामले की गंभीरता को देखते हुए एक महिला अधिकारी मौके पर पहुंचीं और किसानों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को समय-समय पर लिखित रूप से और व्हाट्सएप के माध्यम से अवगत कराया गया है।

लिमिट बढ़ाने का आश्वासन, लेकिन नहीं हुआ अमल

महिला अधिकारी ने कहा कि जब उन्होंने उच्च कार्यालय से बात की थी, तब लिमिट बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह एक बार फिर इस मुद्दे को वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रखेंगी ताकि किसानों की समस्या का समाधान हो सके।

READ MORE : रायपुर धान खरीदी घोटाला: 104 बोरी को दिखाया 850, समिति प्रभारी ने सरकार को लगाया 7 लाख का चूना

Youthwings