टोल प्लाजा से निकलते ही कट रहा ई-चालान: वाहन चालकों के लिए नई परेशानी, मोबाइल पर तुरंत मिल रहा मैसेज

टोल प्लाजा

टोल प्लाजा

जगदलपुर: अब वाहन चालकों के लिए सफर पहले से ज्यादा सतर्कता भरा हो गया है। यदि वाहन के दस्तावेज जैसे बीमा, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (पीयूसी), रजिस्ट्रेशन या फिटनेस में कोई कमी पाई जाती है, तो टोल प्लाजा से गुजरते ही बिना रोके ई-चालान कट रहा है। फास्टैग स्कैन होते ही वाहन से जुड़े सभी दस्तावेजों की डिजिटल जांच की जा रही है।

हाईटेक ऑटोमेटेड सिस्टम किया गया लागू

केंद्र सरकार द्वारा हाईवे के टोल प्लाजा पर ई-डिटेक्शन सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम सीधे परिवहन विभाग के सर्वर से जुड़ा हुआ है और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बीमा, पीयूसी और फिटनेस की वैधता की जांच करता है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन मालिक के मोबाइल पर तुरंत ई-चालान का मैसेज भेजा जा रहा है।

स्टेट हाईवे और ग्रामीण क्षेत्रों तक निगरानी

पहले चरण में राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर यह सिस्टम लगाया गया है, जबकि अब राज्य राजमार्गों पर भी इसे लागू किया जा रहा है। इसके साथ ही बस्तर जिले के ग्रामीण इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। बोरपदर, राजनगर, छेपड़ागुड़ा और बकावंड जैसे क्षेत्रों में कैमरे लगाए गए हैं, जो वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं।

read more : बसना में ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, 150 किलो गांजा जब्त, तीन अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

वैध कागजात के बावजूद कटे चालान

नई व्यवस्था के बीच गलत ई-चालान की शिकायतें भी सामने आई हैं। बस्तर के टोल प्लाजा से गुजरने वाले कई वाहन मालिकों का कहना है कि उनके सभी दस्तावेज वैध होने के बावजूद मोबाइल पर चालान का मैसेज आया है। अब तक करीब 10 वाहन मालिकों ने इस संबंध में जगदलपुर आरटीओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतें मुख्यालय को भेजी गईं

संयुक्त कलेक्टर एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे ने बताया कि वाहन मालिकों की शिकायतों को परिवहन विभाग के मुख्यालय भेज दिया गया है। गलत ई-चालान से जुड़ी समस्याओं का निराकरण मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा।

Youthwings