Jashpur News: जिसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार थे 4 लोग वो सामने आकर बोला ‘मैं जिंदा हूं’, समझिए पूरा माजरा
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां हत्या के आरोप में जेल भेजे गए पांच लोगों की कहानी उस वक्त पलट गई जब कथित मृत युवक दो महीने बाद खुद थाने पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरनानगर–तुरीटोंगरी जंगल में एक अधजली लाश बरामद की गई थी। पुलिस ने शव की पहचान ग्राम सिटोंगा निवासी सीमित खाखा (30 वर्ष) के रूप में की थी। इस पहचान की पुष्टि मृतक के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की थी।
आरोपियों ने किया था अपराध स्वीकार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने अपराध स्वीकार कर लिया था। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर ‘सीन ऑफ क्राइम’ का पुनर्निर्माण भी किया, जिसके आधार पर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाने पहुंचकर खुद को बताया ज़िंदा
मामले में बड़ा मोड़ शनिवार, 20 दिसंबर की रात आया, जब मृत घोषित किया गया सीमित खाखा ग्राम पंचायत सिटोंगा की सरपंच कल्पना खलखो के साथ खुद थाने पहुंचा। सीमित ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी के लिए झारखंड गया था। रांची से अलग होने के बाद वह गिरिडीह जिले के सरईपाली गांव में काम कर रहा था और उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण वह अपने परिवार से संपर्क नहीं कर सका।
नए सिरे से होगी पूरे मामले की जांच
एसडीओपी चंद्रशेखर परमा ने बताया कि पुलिस ने शव की पहचान और आरोपियों के बयान सहित सभी कानूनी प्रक्रियाएं मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पूरी की थीं। सीमित खाखा के जीवित मिलने के बाद अब पूरे मामले की नए सिरे से जांच की जा रही है। साथ ही, जेल में बंद आरोपियों की रिहाई के लिए वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वास्तविक मृतक की पहचान के लिए एक राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है।
