सांसद खेल महोत्सव 2025: मेगा फाइनल और समापन समारोह 23 से 25 दिसंबर तक, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने महोत्सव की बताई विशेषता
सांसद खेल महोत्सव 2025:
रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 अपने अंतिम और निर्णायक चरण में पहुँच चुका है। मेगा फाइनल और समापन समारोह 23 से 25 दिसंबर 2025 तक विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।
सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया – खेलो इंडिया योजना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभाओं—रायपुर दक्षिण, रायपुर पश्चिम, रायपुर उत्तर, रायपुर ग्रामीण, आरंग, अभनपुर, धरसीवा, भाटापारा और बलौदा बाजार—से 85 हजार से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता ने इसे अभूतपूर्व जनसमर्थन दिया है।
मेगा फाइनल और प्रतियोगिताओं का आयोजन
21 सितंबर 2025 से संकुल, जोन और ब्लॉक स्तर पर शुरू हुई प्रतियोगिताओं के बाद अब 23 और 24 दिसंबर को मेगा फाइनल आयोजित किया जाएगा। इस अंतिम चरण में लगभग 5000 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिताएँ नेताजी सुभाष स्टेडियम, मोतीबाग रायपुर, सप्रे शाला वॉलीबॉल मैदान, जे.एन. पाण्डेय स्कूल और तैराकी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में होंगी।
23 दिसंबर को नेताजी सुभाष स्टेडियम में विधायकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उद्घाटन होगा। 24 दिसंबर को दिल्ली के सांसद और गायक मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जिससे युवाओं और आम जनता में उत्साह बढ़ेगा।
समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
25 दिसंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन “सुशासन दिवस” के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में समापन समारोह होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मानित किया जाएगा।
read more : बीटेक छात्रा ने हॉस्टल कमरे में की आत्महत्या: सुसाइड नोट में लिखी ‘सॉरी मम्मी पापा…’
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय सहयोग
प्रतियोगिताओं के दौरान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन की सफलता के लिए खेल संघ, नगर निगम, जिला प्रशासन, स्कूल शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस सहित लगभग 1500 कर्मचारी और अधिकारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
खेलों की विविधता और प्रतिभागियों की संख्या
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव में पारंपरिक और आधुनिक खेलों का मिश्रण देखने को मिला। कुश्ती, खो-खो, गेड़ी दौड़, भारोत्तोलन, फुगड़ी, रस्सी कूद, कबड्डी, बास्केटबॉल, शतरंज, वॉलीबॉल, रस्सा-कसी, शरीर सौष्ठव और तैराकी सहित 13 खेलों में 19 वर्ष से कम और अधिक आयु वर्ग, महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया।
