Chhattisgarh Morning News: सीएम साय का आज रायगढ़ दौरा, गाइडलाइन दरों पर संग्राम, रेल ड्राइवरों की भूख हड़ताल शुरू, आज से चलेगी विशेष ट्रेन
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: सीएम विष्णु देव साय का आज रायगढ़ और रायपुर दौरा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ और रायपुर में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे दोपहर 12:10 बजे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे और 1:05 बजे कंवर समाज के वार्षिक सामाजिक सम्मेलन में शिरकत करेंगे। शाम 6 बजे रायपुर में होने वाले दंतेश्वरी डायलॉग 2025, पाञ्चजन्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद रात 7:45 बजे सीएम निवास लौटेंगे।
गाइडलाइन दरों पर सरकार की दमनात्मक कार्रवाई: कांग्रेस
रायपुर। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जमीन की गाइडलाइन दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी का विरोध कर रहे लोगों के साथ भाजपा सरकार दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि दुर्ग में प्रदर्शन कर रहे कारोबारियों और आम नागरिकों पर लाठीचार्ज किया गया और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ।
उन्होंने कहा कि जनता बढ़ी हुई गाइडलाइन दरों को लेकर नाराज है, लेकिन सरकार इसे जबरन थोप रही है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूछा कि इस फैसले को लेकर वे चुप क्यों हैं और जनता के सवालों का जवाब कब देंगे।
AAP आज करेगी वित्त मंत्री का पुतला दहन
रायपुर। जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी आज (2 दिसंबर) दोपहर 2 बजे आंबेडकर चौक पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला दहन करेगी। पार्टी ने सीएम से मांग की है कि बढ़ी हुई गाइडलाइन दरें तुरंत वापस ली जाएँ।
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कहा कि नई दरों से जनता परेशान है और आवागमन से लेकर व्यापार तक सब प्रभावित हो रहा है।
आज से रेल ड्राइवरों की 48 घंटे की भूख हड़ताल
रायपुर। अखिल भारतीय रेल रनिंग लोको स्टाफ एसोसिएशन (ALRSA) ने घोषणा की है कि इंजन ड्राइवर और सह-ड्राइवर 2 दिसंबर से 48 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे।
संगठन ने कहा कि यदि अभी अपनी आवाज नहीं उठाई गई, तो अगले दिनों में मजदूरों की सुनवाई कोई नहीं करेगा। सभी लोको पायलटों से आग्रह किया गया है कि वे सुबह 10 बजे से ड्यूटी लाबी परिसर में उपवास धरने में शामिल हों। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बिलासपुर–येलहंका के बीच विशेष ट्रेन आज से
रायपुर। शीतकालीन भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर–येलहंका (बेंगलुरु) के बीच 5 फेरे के लिए सप्ताहिक शीतकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
गाड़ी संख्या 08261 बिलासपुर से 2 से 30 दिसंबर तक हर मंगलवार चलेगी, जबकि वापसी की ट्रेन 08262 येलहंका से 3 से 31 दिसंबर तक हर बुधवार को चलेगी।
इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, एसी इकोनॉमी, स्लीपर, जनरल, SLRD और जनरेटर कार शामिल होंगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया शामिल हैं।
IMD की विज्ञान प्रदर्शनी आज से
रायपुर। इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल 2025 के अवसर पर मौसम विज्ञान केंद्र, लालपुर में आज (2 दिसंबर) से विशेष पूर्वावलोकन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्कूल छात्रों को विज्ञान और तकनीक में हो रही नई प्रगति से अवगत कराया जाएगा।
मौसम संबंधी उपकरणों की कार्यप्रणाली और मौसम विज्ञान की उपयोगिता पर भी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य विषय है— “विज्ञान से समृद्धि — आत्मनिर्भर भारत”।
राजधानी में आज के धार्मिक कार्यक्रम
- दत्तात्रेय जयंती महोत्सव
स्थान: ब्रह्मपुरी, प्राचीन दत्तात्रेय मंदिर
समय: सुबह 8 बजे कथा, शाम 4 बजे से भजन
- ऋग्वेद परायण महायज्ञ
स्थान: श्रीहटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर
समय: सुबह 8–12:30, शाम 3–6, ऋषि भोज दोपहर 1 बजे, प्रवचन 6–7, प्रसाद 7–9 रात
- योग क्लास
स्थान: सत्यदर्शन योगाश्रम, सिविल लाइन
समय: शाम 5–6 बजे
