Gold Price: सोने के दाम में जारी गिरावट, जानें कहां तक गिरेगी कीमत – एक्सपर्ट्स का बड़ा अनुमान

Gold Rate

Gold Rate

Gold Price: सोने की कीमतों में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट देखने को मिली है। हालांकि बाजार में इस दौरान तेज उतार-चढ़ाव भी रहा। जानकारों का कहना है कि इस हफ्ते गोल्ड रेट सीमित दायरे में रह सकते हैं क्योंकि निवेशकों की नजर अब अहम वैश्विक आर्थिक आंकड़ों और नीतिगत फैसलों पर टिकी हुई है। इनमें 5 नवंबर को अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट में होने वाली टैरिफ से जुड़ी सुनवाई भी अहम है।

लगातार दूसरे सप्ताह गिरे सोने के भाव

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (जिंस और मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने बताया कि अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय में टैरिफ सुनवाई पर बाजार की नजर रहेगी, जिसका असर गोल्ड प्राइस पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते सोने की कीमतों में लगातार दूसरी बार गिरावट आई, हालांकि बाजार में काफी अस्थिरता भी बनी रही। अमेरिका की सख्त मौद्रिक नीति और अमेरिका-चीन व्यापार वार्ता में सकारात्मक संकेतों ने सोने पर दबाव डाला, लेकिन सुरक्षित निवेश की मांग ने इसे कुछ सहारा दिया।

कितना गिरेगा सोना – विशेषज्ञों का अनुमान

एंजल वन के शोध प्रमुख (नॉन-एग्री कमोडिटीज एंड करेंसी) प्रथमेश माल्या ने कहा कि सोने की कीमतें हाल के उच्च स्तर 1,29,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1,21,000 रुपये के आसपास पहुंच चुकी हैं। यह गिरावट डॉलर की मजबूती और अमेरिका-भारत के बीच टैरिफ तनाव कम होने के कारण आई है। उन्होंने अनुमान जताया कि आने वाले सप्ताह में कीमतें और घटकर 1,18,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं।

10 महीने की तेजी के बाद अब स्थिरता का दौर

स्मार्टवेल्थ एआई के संस्थापक पंकज सिंह के अनुसार, भारत और वैश्विक बाजारों में पिछले 10 महीनों से सोना तेजी के रुख में था, लेकिन अब यह स्थिरता के दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सुस्ती, बढ़ते कर्ज और राजनीतिक अनिश्चितता के बीच सोना लंबी अवधि में सुरक्षित निवेश का माध्यम बना रहेगा।

चांदी में मिला हल्का सहारा

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी की कीमत शुक्रवार को 817 रुपये की बढ़त के साथ 1,48,287 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स सिल्वर 0.87% गिरकर 48.16 डॉलर प्रति औंस पर रही।

Youthwings