Jodhpur Road Accident: जोधपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई टेंपो ट्रैवलर, 15 की मौत, 2 घायल

Jodhpur Road Accident: राजस्थान के जोधपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। फलोदी उपखंड के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में एक टेंपो ट्रैवलर जा घुसी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये सभी श्रद्धालु कोलायत से दर्शन कर जोधपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

हादसा भारतमाला हाईवे पर हुआ

जिला कलेक्टर श्वेता चौहान ने बताया कि यह हादसा भारतमाला हाईवे पर हुआ। बीकानेर के कोलायत से जोधपुर की ओर आ रही टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को जोधपुर के अस्पताल भेजा। मृतकों के शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल की शवगृह में रखा गया है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए और उन्हें बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी

स्थानीय पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर तेज रफ्तार में थी और चालक ट्रेलर को देख नहीं पाया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शवों को बाहर निकाला। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

Youthwings