दीपावली से पहले गन्ना किसानों के खिले चेहरे, मिला 15.99 करोड़ का तोहफा
कवर्धा/पंडरिया: दीपावली के त्योहारी मौसम से पहले पंडरिया क्षेत्र के गन्ना किसानों के घरों में खुशियों की लौ जल उठी है। लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया ने किसानों को 15.99 करोड़ रुपये का भुगतान कर त्योहारी तोहफा दिया है।
यह उपलब्धि क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक भावना बोहरा और कारखाना अध्यक्ष एवं कलेक्टर गोपाल वर्मा के अथक प्रयासों का नतीजा है।
कारखाना के प्रबंध संचालक यूके कौशिक ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए गन्ना विक्रेता किसानों को 8.36 करोड़ रुपये का शेष मूल भुगतान और 1.65 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रिकवरी राशि जारी की गई है। दो दिन पहले ही राज्य शासन ने गन्ना प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया था।
शनिवार को प्रशासनिक अवकाश के बावजूद विशेष व्यवस्था कर यह अतिरिक्त राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई। सहकारिता मंत्री, सचिव और पंजीयक सहकारिता विभाग की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण यह राशि दीपावली से पहले किसानों तक पहुंच सकी।
