रायपुर रेलवे स्टेशन में आरपीएफ ने ऐसे दिखाई मुस्तैदी… IG-DIG भी पहुंचे थे
रायपुर: त्योहारी सीजन में लाखों यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। हाल ही में रायपुर रेलवे स्टेशन का दौरा करने वाले आईजी और डीआईजी ने भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) को लेकर आरपीएफ कमांडेंट और पोस्ट प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत 3 आरपीएफ इंस्पेक्टर और 30 से अधिक स्टाफ को बाहरी स्टेशनों से बुलाकर तैनात किया गया है। रायपुर रेल मंडल के सहायक सुरक्षा आयुक्त (एएससी) भी स्टेशन पर लगातार निगरानी और ड्यूटी करते दिखाई दिए।
इसी तरह, दुर्ग रेलवे स्टेशन पर भी आरपीएफ कमांडेंट ने दौरा किया और अधिकारियों को यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए आरपीएफ ने सिविल ड्रेस में कर्मचारियों को गुप्त निगरानी के लिए तैनात किया है, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि यात्रियों का सामान चोरी न हो। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी स्टेशन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
रेलवे प्रशासन की इन कोशिशों से त्योहारी मौसम में यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है।
