Karur Stampede: Vijay Rally में 39 की मौत, आया पहला रिएक्शन: “मेरा दिल टूट गया है, असहनीय दर्द में हूं”
तमिलनाडु के करूर में शनिवार शाम अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की रैली में बड़ा हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। 51 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और ICU में भर्ती हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने देर रात करूर पहुंचकर घायलों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, “यह हादसा बेहद भयावह है। मैं पीड़ित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
जांच आयोग और मुआवजा
हादसे की गहन जांच के लिए सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय की जज जस्टिस अरुणा जगदीसन की अगुवाई में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया गया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।
रैली में अव्यवस्था और भीड़
तमिलनाडु पुलिस के मुताबिक, विजय की रैली के लिए 10 हजार लोगों की अनुमति थी, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर 50 हजार से ज्यादा लोग जुट गए। कार्यक्रम का समय दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक तय था, मगर भीड़ सुबह 11 बजे से ही जमा होने लगी। विजय लगभग छह घंटे की देरी से शाम 7:40 बजे पहुंचे। कई लोग बिना भोजन और पानी के घंटों खड़े रहे। इस दौरान 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन बढ़ती भीड़ ने हालात बिगाड़ दिए। एक बच्ची के गुम होने की घोषणा के बाद अफरातफरी मच गई और भगदड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों और नेताओं की प्रतिक्रिया
एडिशनल डीजीपी एस. डेविडसन देवासिर्वथम ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और प्रारंभिक जांच जारी है। डीजीपी जी. वेंकटरमण ने कहा कि भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ताओं को भी लेनी चाहिए थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यपाल आर.एन. रवि और सीएम स्टालिन से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सरकार से पूरी रिपोर्ट मांगी है। तमिलनाडु बीजेपी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अगले दो दिन के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
विजय का बयान
हादसे के बाद विजय करूर से सीधे चेन्नई लौट गए। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “मेरा दिल टूट गया है। यह दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। करूर में जान गंवाने वाले भाइयों-बहनों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
இதயம் நொறுங்கிப் போய் இருக்கிறேன்; தாங்க முடியாத, வார்த்தைகளால் சொல்ல முடியாத வேதனையிலும் துயரத்திலும் உழன்று கொண்டிருக்கிறேன்.
கரூரில் உயிரிழந்த எனதருமை சகோதர சகோதரிகளின் குடும்பங்களுக்கு என் ஆழ்ந்த அனுதாபங்களையும், இரங்கலையும் தெரிவித்துக்கொள்கிறேன். மருத்துவமனையில் சிகிச்சை…
— TVK Vijay (@TVKVijayHQ) September 27, 2025
