Raipur Naxal Arrest: रायपुर में फिर नक्सली गिरफ्तार, सोने के बिस्कुट और नकदी बरामद

Raipur Naxal Arrest: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और नक्सली को दबोच लिया। रविवार को भाठागांव इलाके से नक्सली रामा किचाम को गिरफ्तार किया गया। टीम ने उसके पास से सोने के बिस्किट और नकदी रकम भी जब्त की है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

चार दिन में तीसरी गिरफ्तारी

पिछले चार दिनों में SIA की यह तीसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले दो दिन पहले आंबेडकर अस्पताल से बीजापुर की महिला नक्सली और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया था। महिला नक्सली कमला कुरसम लंबे समय से रायपुर में फर्जी पहचान बनाकर रह रही थी। वह डीडीनगर में किराए के मकान में छिपी थी और मकान मालिक को फर्जी आधार कार्ड दिया था।

अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान मिले

मंगलवार को गिरफ्तार किए गए इन दोनों नक्सलियों—जग्गू उर्फ रमेश कुरसम और कमला—के पास से पुलिस ने कई अहम दस्तावेज, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए थे। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

छिपकर इलाज करा रही थी महिला नक्सली

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में कमला का लीडर मारा गया था। इसके बाद वह डर के कारण रायपुर आकर छिप गई। कमला यहां फर्जी नाम से रह रही थी, जबकि उसका साथी जग्गू पथरी का इलाज कराने के बहाने उसके घर में ठहरा था।

Youthwings