भिलाई स्टील प्लांट में हादसा: मजदूर की ट्रक टक्कर में मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने संयंत्र प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया।

 

जानकारी के अनुसार, छावनी निवासी मजदूर हर्षवर्धन निषाद साइकिल से जा रहा था कि एसपी-3 अनुपम गार्डेन के सामने एक ट्रक (हाइवा) ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट आई। घटना के करीब 15 मिनट बाद तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते घायल मजदूर सड़क पर तड़पता रहा। सुबह 11:20 बजे एम्बुलेंस पहुंची और उसे मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

 

मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने बीएसपी के मेन गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका। वहीं, बीएसपी के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और सीआईएसएफ के जवानों ने परिजनों को शांत करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि हर्षवर्धन जीआईएर इंटरप्राइजेस के अंतर्गत काम कर रहा था। यह घटना प्लांट परिसर में वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

Youthwings