तलाक की खबरों के बीच विजय और तृषा साथ आए नजर, रिसेप्शन की तस्वीरें वायरल

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी संगीता द्वारा चेन्नई में तलाक की याचिका दायर किए जाने के कुछ ही दिनों बाद विजय एक शादी के रिसेप्शन में अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ नजर आए। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

 

यह कार्यक्रम एजीएस के मेकर कलपथी सुरेश के बेटे की शादी का रिसेप्शन था। समारोह में विजय और तृषा एक साथ पहुंचे। विजय के हाथ में फूलों का गुलदस्ता था, जबकि तृषा मेहमानों से मिलती और उनका अभिवादन करती नजर आईं। दोनों ने नवविवाहित जोड़े को बधाई देने के लिए साथ में मंच पर जाकर तस्वीरें भी खिंचवाईं और बाद में एक साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलते दिखाई दिए।

 

चेन्नई में आयोजित इस कार्यक्रम में विजय और तृषा के कपड़ों का रंग भी एक जैसा था। विजय ने बेज रंग की शर्ट और मैचिंग धोती पहनी थी, जबकि तृषा बेज और गोल्डन रंग की साड़ी के साथ लाल ब्लाउज में नजर आईं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद विजय के कुछ फैंस ने निराशा जताते हुए तरह-तरह के कमेंट भी किए।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विजय की पत्नी संगीता ने चेन्नई के चेंगलपट्टू परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की है। उन्होंने विजय पर एक अभिनेत्री के साथ संबंध होने का आरोप लगाया है। याचिका में कहा गया है कि अप्रैल 2021 में उन्हें इस रिश्ते के बारे में जानकारी मिली, जिससे उन्हें गहरा भावनात्मक आघात पहुंचा।

 

याचिका में यह भी दावा किया गया है कि 2021 के बाद से विजय अपनी पत्नी से भावनात्मक रूप से दूर हो गए और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार करने लगे। संगीता का कहना है कि स्थिति ऐसी हो गई कि उन्हें अलग घर में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। आरोप यह भी लगाया गया है कि विजय उस अभिनेत्री के साथ विदेश यात्राएं करते रहे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी साथ दिखाई देते रहे।

 

संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि उस अभिनेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर मुलाकातों की तस्वीरें पोस्ट की जाती थीं और विजय ने कभी इन पोस्ट्स का खंडन नहीं किया, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ा।

Youthwings