Vice Presidential Election: एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार, विपक्ष का नाम आज होगा तय!

Vice Presidential Election

Vice Presidential Election

Vice Presidential Election: देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी 9 सितंबर को होने वाले इस चुनाव के लिए एनडीए (NDA) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं विपक्षी गठबंधन ने अभी तक अपने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आज यानी 18 अगस्त को विपक्षी नेता बैठक कर उम्मीदवार का नाम तय कर सकते हैं।

विपक्ष की आज होगी बैठक

सूत्रों के मुताबिक विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेता सोमवार सुबह 10:15 बजे राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में बैठक करेंगे। इस बैठक में उपराष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार पर चर्चा होगी। उम्मीद है कि बैठक के बाद विपक्ष अपने उम्मीदवार का नाम भी सार्वजनिक कर देगा। गौरतलब है कि यह बैठक उस समय हो रही है जब एनडीए ने एक दिन पहले ही सीपी राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया है।

एनडीए का दांव

सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से ताल्लुक रखते हैं और वहां 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा का मानना है कि आरएसएस पृष्ठभूमि वाले अनुभवी नेता राधाकृष्णन का नाम आगे लाने से तमिलनाडु में भाजपा को राजनीतिक बढ़त मिल सकती है और डीएमके जैसे दलों का समर्थन भी हासिल हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद राधाकृष्णन के नामांकन की घोषणा की और कहा कि विपक्ष से आम सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

सत्ता पक्ष बनाम विपक्ष

विपक्षी दलों की ओर से पहले ही संकेत मिल चुके हैं कि वे इस बार ‘गैर-राजनीतिक’ उम्मीदवार उतार सकते हैं। ऐसे में देखना होगा कि विपक्ष की बैठक के बाद कौन-सा नाम सामने आता है।
इस बीच, यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद करवाया जा रहा है। इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है।

Youthwings