सुनसान कॉलोनी, ताले टूटे और करोड़ों की चोरी – फिर क्या हुआ, जानिए पूरी कहानी
मुंगेली। जिला मुख्यालय के पृथ्वीग्रीन कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। करीब 29.80 लाख रुपये की चोरी के मामले में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी संदीप सतनामी अभी भी फरार है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीमें बनाकर तेजी से जांच की गई। अनुविभागीय अधिकारी मयंक तिवारी और डीएसपी नवनीत पाटिल के नेतृत्व में कार्रवाई हुई।
घटना का विवरण
27 जुलाई को प्रार्थी आयुष राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पृथ्वीग्रीन फेस-1 में किराये से रहता है। 26 जुलाई की रात को वह परिवार समेत घर में ताला लगाकर जिला अस्पताल गया था। अगली सुबह लौटने पर देखा कि घर के मेनगेट और कमरों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी से ₹24.50 लाख नगद और सोने-चांदी के जेवरात (कुल ₹29.80 लाख का माल) चोरी हो चुका था।
इसी रात त्रिभुवन लाल यादव नामक दूसरे व्यक्ति के घर से भी ₹1,000 नगद और दो चांदी की बिछिया चोरी हुई थी।
जांच और गिरफ्तारी
घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एक सफेद रंग की वॅगन-आर कार (CG-04 KY-8365) को ट्रैक किया गया। आरोपी संदीप सतनामी, सूरज कुर्रे और मंजीत द्वारा इस वाहन से वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस टीमों ने बिलासपुर, रायपुर एयरपोर्ट और दिल्ली एयरपोर्ट के CCTV फुटेज खंगाले। सूरज कुर्रे को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि संदीप सतनामी भागने में सफल रहा। उसके सहयोगियों वेदप्रकाश उर्फ बेदू, गुलशन साहू और टिकेश्वर साहू को दबिश देकर हिरासत में लिया गया।
बरामद सामग्री
- नकद राशि: ₹5,11,000 (फोटो स्टूडियो से), ₹14,62,740 (वेदप्रकाश के घर से), ₹41,000 (सूरज के कपड़ों से)
- जेवरात: लगभग ₹6.65 लाख के सोने-चांदी के गहने
- कार: वॅगन-आर CG-04 KY-8365 (किमत ₹4 लाख)
- मोबाइल फोन: 3 नग, कीमत ₹48,000
- कुल जब्ती: ₹30,67,740
आरोपीगण
- वेदप्रकाश साहू उर्फ बेदू, निवासी भाठापारा (ग्रामीण), जिला बलौदाबाजार
- गुलशन साहू, निवासी सिंगारपुर, थाना भाटापारा ग्रामीण
- दो विधि से संघर्षरत बालक, बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए
- संदीप सतनामी, मंजीत – फरार, तलाश जारी
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार और फरार आरोपीगणों पर बलौदाबाजार और रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी फास्टरपुर निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, निरीक्षक गिरजा शंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
