रायपुर में आग की दो घटनाएं: चलती यात्री बस और कार में लगी भीषण आग

रायपुर में आग की दो घटनाएं

रायपुर में आग की दो घटनाएं

रायपुर : राजधानी रायपुर के नजदीक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास की है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

बलौदाबाजार से रायपुर आ रही थी बस

मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस से धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। चालक की सूझबूझ से समय रहते बस रोक दी गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

तेलीबांधा में चलती कार में लगी आग, 6 लोगों ने बचाई जान

इसी बीच रायपुर में दूसरी बड़ी घटना सामने आई, जहां बीती रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित अग्रसेन चौक के पास का है। कार में सवार 6 लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

देखते ही देखते जलकर खाक हुई कार

जानकारी के मुताबिक, झारखंड पासिंग सूमो ग्रैंड वाहन रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे अग्रसेन चौक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार से पहले धुआं निकलने लगा और फिर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

कार में आग लगने का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार से तेज लपटें और घना धुआं निकलता देखा जा सकता है। हैरानी की बात यह रही कि आग लगने के दौरान उसी मार्ग से कई यात्री बसें और अन्य वाहन गुजरते रहे। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Youthwings