दुबई में फंसे कोटा के तीन युवक, युद्ध तनाव से लगातार रद्द हो रहीं फ्लाइटें

बिलासपुर। ईरान से जुड़े युद्ध हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़े असर ने कोटा के तीन युवकों की वापसी यात्रा को अनिश्चित बना दिया है। दुबई घूमने गए तीनों युवकों की फ्लाइट लगातार रद्द हो रही है। पहले उनकी टिकट 28 फरवरी की थी, जो निरस्त हो गई। इसके बाद 3 मार्च की नई टिकट भी कैंसल हो गई। अब उन्हें 5 मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है और उसी से घर लौटने की उम्मीद है।

 

कोटा निवासी शिवम मिश्रा ने फोन पर बताया कि वे अपने दोस्तों आकाश और आयुष के साथ घूमने के लिए दुबई आए थे। घूमने-फिरने की योजना के बीच क्षेत्रीय तनाव बढ़ने से उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हो गया। शिवम ने बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और दुबई में हालात सामान्य हैं। पर्यटक स्थल खुले हैं और शहर की दिनचर्या जारी है।

 

सुरक्षा की चिंता नहीं, लेकिन बढ़ा मानसिक दबाव

शिवम के मुताबिक सुरक्षा को लेकर कोई डर नहीं है, लेकिन बार-बार फ्लाइट रद्द होने से मानसिक दबाव जरूर बढ़ा है। परिवार वाले लगातार संपर्क में हैं और हर नई सूचना का इंतजार कर रहे हैं। घर से रोज वापसी की जानकारी पूछी जाती है, जिन्हें वे समझाते हैं कि यहां सब ठीक है, बस उड़ानें प्रभावित हो रही हैं।

 

हवाई अड्डे पर बढ़ी भीड़

दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। कई उड़ानों को री-शेड्यूल किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ रहा है। युवकों को होटल में ठहरने की अवधि भी बढ़ानी पड़ी है, जिससे खर्च बढ़ गया है। वे स्थानीय प्रशासन और एयरलाइन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।

 

परिजनों ने बताया कि तीनों युवक वीडियो कॉल के जरिए लगातार संपर्क में हैं और अपनी कुशलता की जानकारी दे रहे हैं। परिवार का कहना है कि जब तक बच्चे सुरक्षित हैं, उन्हें संतोष है और वे जल्द घर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।

Youthwings