T20 World Cup 2026 Points Table में घमासान, 5 टीमें बाहर और 5 ने काटा सुपर-8 का टिकट

T20 World Cup 2026 Points Table: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पॉइंट्स टेबल दिन-ब-दिन और रोमांचक होती जा रही है। टूर्नामेंट को 10 दिन पूरे हो चुके हैं और अब तक 30 मुकाबले खेले जा चुके हैं। लीग चरण में कुल 40 मैच खेले जाने हैं।

अब तक 20 टीमों में से 5 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं, जबकि 5 टीमों ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। बाकी 10 टीमों के बीच तीन स्थानों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं।

ग्रुप A की स्थिति

ग्रुप ए से भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 का टिकट हासिल कर लिया है। वहीं नामीबिया तीनों मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। अंक तालिका में दूसरे स्थान पर यूएसए है, जिसने चार में से दो मैच जीते हैं। पाकिस्तान तीन में से दो जीत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि नीदरलैंड एक जीत के साथ चौथे स्थान पर है।

ग्रुप B का हाल

ग्रुप बी में श्रीलंका ने लगातार तीन जीत दर्ज कर सुपर-8 में जगह बना ली है। ओमान तीन हार के साथ बाहर हो चुका है। जिम्बाब्वे दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया तीन में से एक जीत के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि आयरलैंड भी एक जीत के साथ चौथे पायदान पर मौजूद है।

ग्रुप C पूरी तरह साफ

ग्रुप सी की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। स्कॉटलैंड, इटली और नेपाल टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।

ग्रुप D में मुकाबला बाकी

ग्रुप डी से अब तक केवल साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 में प्रवेश किया है। न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा की टीमें अभी दौड़ में बनी हुई हैं। अगर न्यूजीलैंड अपने अगले मुकाबले में कनाडा को हराता है तो वह भी सुपर-8 में पहुंच जाएगा। वहीं कनाडा के जीतने पर अंक तालिका और अधिक दिलचस्प हो जाएगी।

कुल मिलाकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का लीग चरण बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर मैच के साथ समीकरण बदल रहे हैं।

Youthwings