T20 वर्ल्ड कप 2026: कल सेमीफाइनल में आमने-सामने भारत और इंग्लैंड, जानें रिकॉर्ड और आंकड़े
T20 वर्ल्ड कप 2026
T20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। ऐसे में इस मैदान से जुड़े रिकॉर्ड और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर डालना बेहद अहम हो जाता है।
वानखेड़े में टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन
वानखेड़े स्टेडियम पर भारतीय टीम का T20 रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। यहां खेले गए 7 मुकाबलों में से भारत ने 5 में जीत दर्ज की, जबकि 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो यहां का सर्वाधिक टीम स्कोर है। रनों के अंतर से भी भारत की सबसे बड़ी जीत इंग्लैंड के खिलाफ 150 रन की रही है।
बल्लेबाजी में किसका जलवा?
सबसे ज्यादा रन: विराट कोहली ने यहां 3 मैचों में 197 रन बनाए हैं।
सबसे बड़ी पारी: अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ 54 गेंदों में 135 रन ठोके, जिसमें 13 छक्के शामिल थे।
सबसे ज्यादा अर्धशतक: विराट कोहली (2 अर्धशतक)
सबसे ज्यादा छक्के (एक पारी में): अभिषेक शर्मा – 13 छक्के
सबसे बड़ी साझेदारी: केएल राहुल और रोहित शर्मा के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए 135 रन।
सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट: पीयूष चावला, ऋषभ पंत, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे।
कप्तानी की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने यहां खेले दोनों मुकाबले जीते हैं।
गेंदबाजी में किसका रहा दबदबा?
सबसे ज्यादा विकेट: मोहम्मद शमी (2 मैचों में 5 विकेट)
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: शिवम मवी ने श्रीलंका के खिलाफ 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके थे।
सेमीफाइनल में भारत-इंग्लैंड की टक्कर
T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में दोनों टीमें पहले भी आमने-सामने आ चुकी हैं। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था, जबकि 2024 में भारत ने जीत हासिल कर बराबरी कर ली। अब 2026 का यह मुकाबला निर्णायक साबित हो सकता है। दोनों टीमों ने दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है, ऐसे में इस मैच की अहमियत और बढ़ जाती है।
वानखेड़े की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच, खिलाड़ियों का मौजूदा फॉर्म और बड़े मैच का दबाव—ये सभी कारक इस सेमीफाइनल को रोमांच से भर देने वाले हैं।
