JEE Mains की परीक्षा में पकड़ाया मुन्नाभाई : चप्पल के अंदर छिपाकर लाया था मोबाइल, ऐसे खुली पोल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में JEE Mains परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में एक छात्र को चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में लाते हुए पकड़ा गया।
गुरुवार सुबह 9 बजे पहली पाली की परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र आदित्य परीक्षा देने पहुंचा। मुख्य गेट पर चेकिंग के समय उसने चालाकी दिखाते हुए अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर में वह पकड़ा नहीं गया। इसके बाद वह परीक्षा हॉल में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया।
करीब 11:08 बजे उसने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और लगभग 20 मिनट बाद वापस लौटा। लौटने पर सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। इस दौरान भी छात्र ने जांच से पहले अपनी चप्पलें उतार दीं, लेकिन उसकी संदिग्ध चाल ने गार्ड का ध्यान खींच लिया।
गार्ड ने जब बारीकी से जांच की, तो चप्पल के तलवे के अंदर मोबाइल फोन छिपा हुआ मिला। आरोपी ने चप्पल को बीच से काटकर उसमें मोबाइल रखने के लिए खास जगह बनाई थी, जिससे वह आसानी से नकल कर सके।
घटना की जानकारी तुरंत परीक्षा प्रबंधन और एनटीए अधिकारियों को दी गई। इसके बाद छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
