सुकमा में दूसरा बड़ा एनकाउंटर: सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को किया ढेर

सुकमा में दूसरा बड़ा एनकाउंटर

सुकमा में दूसरा बड़ा एनकाउंटर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान ने एक बार फिर बड़ा परिणाम दिया है। बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 7 माओवादियों को मार गिराया गया। घटना स्थल से कई हथियार भी जब्त किए गए हैं।

जहां हिड़मा मारा गया था, वहीं दोबारा भिड़ंत

मंगलवार को छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर के पास स्थित अल्लुरी सीताराम जंगल में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ इनामी मोस्ट वांटेड माओवादी माड़वी हिड़मा सहित 6 नक्सलियों को ढेर किया था। इसके ठीक 24 घंटे बाद उसी क्षेत्र में फिर से मुठभेड़ हुई। सुरक्षा बलों ने इस दूसरी कार्रवाई में 7 नक्सलियों को मौत के घाट उतार दिया।

देवजी की मौजूदगी की सूचना पर कार्रवाई

मिल रही जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को इलाके में नक्सल संगठन के शीर्ष नेता, पोलित ब्यूरो सदस्य एवं महासचिव देवजी की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर बुधवार की सुबह कार्रवाई शुरू की गई। मुठभेड़ में मार गिराए गए नक्सलियों में संगठन का कुख्यात लीडर जोगा उर्फ टेक शंकर भी शामिल है। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से AK-47 समेत कुल 8 हथियार बरामद किए हैं।

इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। टीम आसपास के जंगलों में नक्सलियों के अन्य ठिकानों की तलाश में जुटी हुई है।

हिड़मा समेत 6 नक्सली पहले ही मारे जा चुके हैं

एक दिन पहले की कार्रवाई में मारे गए नक्सलियों में हिड़मा की पत्नी मडगाम राजे, उसके गार्ड देवा, तथा वरिष्ठ नक्सली लक्मल DCM, कमलू PPCM, मअल्ला PPCM शामिल थे। सुरक्षाबलों ने उस दौरान दो AK-47, एक रिवॉल्वर और एक पिस्टल भी बरामद किए थे।

 

 

Youthwings