जन्मदिन के जश्न में सड़क जाम.. आधी रात केक काटकर की आतिशबाजी, युवकों पर मामला दर्ज
रायपुर। खरोरा में आधी रात सड़क पर कारें खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने वाले युवकों पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी वकार आलम और उसके दोस्त सजल भाटिया समेत आधा दर्जन से अधिक युवकों की तलाश शुरू कर दी है। रिपोर्ट धरसींवा पवनी निवासी रवि धुरी ने दर्ज कराई है।
घटना 18 से 19 सितंबर की दरमियानी रात करीब 12 से साढ़े 12 बजे के बीच की है। जानकारी के अनुसार, मसल मनिया जिम के सामने मेन रोड पर वकार आलम का जन्मदिन मनाया जा रहा था। वकार, सजल भाटिया और उनके साथियों ने कारें खड़ी कर रोड जाम कर दिया। कार के बोनट पर केक काटा गया और सड़क पर ही आतिशबाजी की गई। वीडियो में एक युवक जलते पटाखों की लड़ी लेकर सड़क पर दौड़ता भी नजर आ रहा है। इस दौरान कई राहगीर और स्थानीय लोग रोड जाम और हुड़दंग से परेशान हुए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वकार आलम मसल मनिया जिम चलाता है, जबकि सजल भाटिया एक कारोबारी परिवार से जुड़ा है। अन्य युवक एक निजी विश्वविद्यालय के छात्र बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-130) पर ट्रैफिक रोककर रील बनाने का मामला सामने आया था। उस मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बी.डी. गुरु की बेंच ने पुलिस को ढिलाई बरतने के लिए कड़ी फटकार लगाई थी, जिसके बाद मुख्य आरोपी वेदांत शर्मा और उसके साथियों को गिरफ्तार कर उनकी लग्जरी कारें जब्त की गई थीं।
