रेलवे में निकली 11127 पदों पर भर्ती, ALP के लिए जल्द शुरू होंगे आवेदन

रेलवे

रेलवे में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। Railway Recruitment Board ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए देशभर के अलग-अलग रेलवे जोन में नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार 15 मई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 14 जून 2026 तय की गई है। रेलवे की यह भर्ती तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए शानदार मौका मानी जा रही है। लंबे समय से रेलवे में वैकेंसी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच इस भर्ती को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

10वीं और ITI पास उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होना अनिवार्य रहेगा। वहीं इंजीनियरिंग डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। रेलवे बोर्ड के अनुसार तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपने दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने होंगे।

आयु सीमा में आरक्षित वर्ग को छूट

भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट दी जाएगी, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 5 वर्ष की राहत मिलेगी। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिकों और अन्य आरक्षित श्रेणियों को भी नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।

रेलवे

आवेदन शुल्क ऑनलाइन करना होगा जमा

रेलवे भर्ती बोर्ड ने आवेदन शुल्क भी निर्धारित कर दिया है। सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन फीस 500 रुपये रखी गई है। वहीं एससी, एसटी, एक्स-सर्विसमैन, ट्रांसजेंडर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।

कई चरणों में होगी चयन प्रक्रिया

इस भर्ती के तहत उम्मीदवारों का चयन अलग-अलग चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले अभ्यर्थियों को CBT-1 परीक्षा में शामिल होना होगा। इसके बाद सफल उम्मीदवार CBT-2 परीक्षा देंगे।

दोनों परीक्षाओं में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट यानी CBAT से गुजरना होगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जाम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और उसी के आधार पर नियुक्तियां दी जाएंगी।

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

रेलवे की इस भर्ती को युवाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। देशभर में लाखों उम्मीदवार हर साल रेलवे भर्ती का इंतजार करते हैं। ऐसे में 11 हजार से ज्यादा पदों पर निकली यह वैकेंसी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर बनकर आई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद समय रहते फॉर्म भरें और परीक्षा की तैयारी पर ध्यान दें।

read more : फ्लाइट में Power Bank जाने वाले सावधान! कहीं आपकी एक गलती न बन जाए बड़ा हादसा

 

Youthwings