I Love Muhammad: पुलिस ने हटाया “I Love मोहम्मद” बोर्ड, मुस्लिम समाज ने निकाला विरोध जुलूस

कांकेर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में “I Love मोहम्मद” बोर्ड हटाए जाने और एफआईआर दर्ज करने के विरोध में शनिवार देर शाम कांकेर में मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण जुलूस निकाला। यह जुलूस मस्जिद से पुराना बस स्टैंड तक गया, जिसमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और महिलाएं शामिल रहीं।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए यूपी पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं, तो विरोध और तेज़ किया जाएगा। साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मुकदमे को वापस लेने और धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करने की मांग की।

ज्ञात हो कि कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में बारावफात की तैयारियों के दौरान मुस्लिम समाज द्वारा लगाए गए “I Love मोहम्मद” लिखे बोर्ड और टेंट को पुलिस ने बिना अनुमति और नया रिवाज़ बताते हुए हटवा दिया था। इस मामले में 9 नामजद और करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

इस जुलूस से यह स्पष्ट हुआ कि धार्मिक आयोजनों और प्रतीकों को लेकर समुदाय की भावनाओं को संवेदनशील तरीके से संभालना प्रशासन के लिए आवश्यक है। स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस तैनाती बढ़ा दी है।

 

Youthwings