रेलवे की “खाली करो” कार्रवाई के खिलाफ 250 परिवार धरने पर, कर रहे ये मांग

कोरबा। इंदिरा नगर बस्ती के करीब 250 परिवारों के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है। रेलवे प्रबंधन द्वारा उनके घर खाली करने के नोटिस जारी किए जाने के बाद मंगलवार को बस्तीवासी मुख्य चौक (पवन टॉकीज फाटक) पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।

पहले भी चेताया था विरोध

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोमवार को रेलवे अधिकारियों ने उनके घरों पर खाली करने के निशान लगाए थे। इसके विरोध में सोमवार को भी लोगों ने रेलवे स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया था। उनकी मुख्य मांग है कि उन्हें विस्थापित करने से पहले वैकल्पिक आवास और पर्याप्त मुआवजा तत्काल दिया जाए।

 

प्रशासन का आश्वासन, प्रदर्शन स्थगित

नायब तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि बस्तीवासियों का ज्ञापन मिला है और उनकी मांगों पर जिला प्रशासन के सामने बात रखी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और कार्रवाई से पहले रेलवे प्रशासन को जिला प्रशासन को सूचित करना होगा।

 

वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया है, लेकिन यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण मुख्य चौक पर वाहनों की लंबी जाम लगी रही।

Youthwings