नक्सल प्रोत्साहन राशि लंबित: बस्तर संभाग में स्वास्थ्यकर्मियों का प्रदर्शन, ओपीडी सेवाएं ठप
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को दी जाने वाली CRMC नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि का भुगतान पिछले 12 महीनों से लंबित होने के विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके चलते बस्तर संभाग के सभी जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गई हैं।
डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, RMA और ANM ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लंबित राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की। नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव और बस्तर के जगदलपुर में जिला अस्पताल से लेकर CHC, PHC और SHC तक सभी ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। ओपीडी बंद होने से दूर-दराज इलाकों से पहुंचे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे आम जनता में नाराजगी देखने को मिली।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि उन्होंने जनता के हित को ध्यान में रखते हुए पिछले 12 महीनों तक संयम बनाए रखा, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने मांग की है कि विधानसभा सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री तत्काल प्रोत्साहन राशि जारी करने की घोषणा करें, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं दोबारा शुरू हो सकें।
स्वास्थ्यकर्मियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आपातकालीन सेवाएं चालू रखी गई हैं, लेकिन यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Read More: रेलवे की “खाली करो” कार्रवाई के खिलाफ 250 परिवार धरने पर, कर रहे ये मांग
