GST Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारी कंपनियों पर छापेमारी

GST Raid in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी विभाग ने एक बार फिर कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में स्थित गतौरा, बलौदा और हिंडाडीह इलाकों में हिंद कोल ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की गई।

जीएसटी विभाग की अलग-अलग टीमों ने क्लीन कोल बेनिफिकेशन, रेडिएंट कोल बेनिफिकेशन और हिंद कोल बेनिफिकेशन नामक तीन यूनिट्स की जांच की। विभाग को इन कंपनियों में जीएसटी से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कोयले के स्टॉक का फिजिकल वेरिफिकेशन किया और आयात-निर्यात से संबंधित कई अहम दस्तावेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच में कागजी रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर सामने आया है। फिलहाल जब्त दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।

कोयला कारोबारियों में मचा हड़कंप

जीएसटी विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पहले दो दिन पहले ही स्टेट जीएसटी की टीम ने तीन अलग-अलग जिलों में कोल वॉशरी संचालकों के ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की थी।

इस कार्रवाई के तहत पारस पावर, महावीर कोल वॉशरी और फील ग्रुप कोल वॉशरी को जांच के दायरे में लिया गया था, जहां से विभाग ने बड़ी मात्रा में राजस्व की वसूली की थी।

Youthwings