प्राथमिक स्कूल में बड़ा हादसा: रतनजोत का फल खाने से 19 बच्चे बेहोश, इलाज जारी
19 बच्चे हुए बेहोश
खैरागढ़। छुईखदान-गंडई जिले के करमतरा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह स्कूल लगते ही प्रार्थना सभा के दौरान कई बच्चे अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिरने लगे। घटना के बाद शिक्षकों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
स्कूल खुलने से पहले खाया जहरीला फल
जांच में सामने आया कि स्कूल खुलने से पहले पहुंचे कुछ बच्चों ने स्कूल परिसर के आसपास लगे रतनजोत के पौधे का फल खा लिया था। इसके कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बीमार पड़ गए।
बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही सभी बीमार बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ बच्चों पर जहरीले फल का असर ज्यादा होने के कारण उन्हें सिविल अस्पताल खैरागढ़ रेफर किया गया है, जबकि बाकी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
तीन बच्चों की हालत गंभीर, रेफर
इस घटना में तीन बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें खैरागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर फैलते ही करमतरा गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में पालक व ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।
read more : हिट एंड रन मामले में विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह गिरफ्तार, पीड़ित की हालत गंभीर
जहरीले पौधों को हटाने की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर और आसपास से जहरीले पौधों को हटाने की मांग की है। साथ ही मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
CMHO का बयान: 19 बच्चों ने खाया फल
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा ने बताया कि कुल 19 बच्चों ने रतनजोत (रतन बीज) का फल खाया था। इनमें से 16 बच्चों का इलाज जालबांधा सीएससी में किया जा रहा है, जबकि 3 बच्चों का इलाज खैरागढ़ सिविल अस्पताल में चल रहा है। सभी बच्चों की हालत स्थिर है और उन्हें 24 घंटे के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
