राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय झारखंड दौरा: ओल चिकी शताब्दी समारोह और NIT जमशेदपुर दीक्षांत में होंगी शामिल
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर 28 दिसंबर को रांची पहुंचेंगी। 28 और 29 दिसंबर को वह राजभवन में विश्राम करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 दिसंबर को राष्ट्रपति जमशेदपुर जाएंगी, जहां वह संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में करीब 1000 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। राष्ट्रपति बीटेक और एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल से सम्मानित भी करेंगी।
30 दिसंबर को राष्ट्रपति गुमला का दौरा करेंगी और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
ओल चिकी लिपि शताब्दी समारोह का आयोजन 22 से 29 दिसंबर 2025 तक दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड में किया जा रहा है। जमशेदपुर में 27, 28 और 29 दिसंबर को विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें देशभर से संथाली साहित्यकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस शताब्दी समारोह के दौरान नारी चेतना, संथाली समाज में महिलाओं की भूमिका, शहरीकरण का भाषा पर प्रभाव और डिजिटल युग में संथाली भाषा व संस्कृति के विकास जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मयूरभंज सांसद कालीचरण सोरेन और ओडिशा की दामयंती बेसरा के भी शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में सीमित लोगों को ही प्रवेश मिलेगा और इसके लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा।
