कांग्रेस विधायक दल की बैठक 13 जुलाई को, मानसून सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर होगा मंथन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक 13 जुलाई को आयोजित की जाएगी। यह बैठक शाम 4 बजे राजीव भवन, कांग्रेस मुख्यालय में होगी, जिसकी अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत करेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 14 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के लिए रणनीति तैयार करना है। कांग्रेस विधायकों को सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और तय किया जाएगा कि किस तरह से सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर जवाबदेह ठहराया जाए।
सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस सत्र में कई अहम मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। इनमें खाद की कमी, युक्तियुक्तकरण (शिक्षकों और कर्मचारियों के स्थानांतरण व समायोजन), बिजली बिल में बढ़ोतरी, और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई जैसे ज्वलंत विषय प्रमुख होंगे। कांग्रेस विधायकों का मानना है कि इन मुद्दों पर जनता सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है, इसलिए इन पर सदन में तीखी बहस और सरकार से जवाब लिया जाना जरूरी है।
14 से 18 जुलाई तक चलेगा सत्र
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा। यह सत्र पांच दिवसीय होगा, जिसमें सरकार के खिलाफ विपक्ष आक्रामक तेवर में नजर आ सकता है।
विपक्ष की कोशिश होगी कि सत्र के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए और सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जाए। कांग्रेस, इस सत्र को आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मान रही है और इसी वजह से पूरी ताकत के साथ विधानसभा में उतरने की तैयारी में है।
